मुंबईः बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लाजवाब प्रदर्शन के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को चौथे वनडे में 224 रन से करारी मात दी। इस जीत के साथ भारत ने 5 मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली है। गुवाहाटी में खेले गए पहले मैच में भारत ने जीत दर्ज की थी जबकि विशाखापट्टनम में खेला गया दूसरा वनडे टाई हो गया था। वहीं, तीसरे मैच में वेस्टइंडीज को जीत मिली थी। मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 377 रन का पहाड़ जैसे स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 36.2 ओवर में 153 पर ढेर हो गई। ब्रेबॉर्न स्टेडियम में 12 साल बाद कोई अंतर्राष्ट्रीय वनडे मैच खेला गया।
वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही और पहला झटका 20 के स्कोर पर लगा। वेस्टइंडीज की खस्ता हालत का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि आधी टीम 47 के स्कोर पवेलियन लौट गई। कप्तान जेसन होल्डर को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिककर बल्लेबाजी नहीं कर सका। वह 54 रन बनाकर नाबाद लौटे। वेस्टइंडीज के पांच खिलाड़ी तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। वेस्टइंडीज की ओर से केमार रोच (6) आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे। भारत की तरफ से सबसे शानदार गेंदबाजी खलील अहमद और कुलदीप यादव ने की। खलील और कुलदीप 3-3 विकेट चटकाए। इसके अलावा जसप्रीत बुमरा और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला। वहीं, वेस्टइंडीज के दो खिलाड़ी रन आउट हुए।

Share To:

Post A Comment: