सहारनपुर के देवबंद थाने में तैनात S. I ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश में पुलिसवालों द्वारा आत्महत्या करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सहरानपुर का है। जानकारी के मुताबिक यहां के देवबंद की रणखंडी पुलिसचौकी में तैनात अंडर ट्रेनिंग दरोगा ने अपने आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। वहीं प्रशिक्षु दरोगा के आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस ने दरोगा के शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
आपको बता दें कि मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी कुलदीप सिंह सहारनपुर के देवबंद की रणखंडी पुलिस चौकी पर पिछले चार महीने से प्रशिक्षु उपनिरीक्षक के तौर पर तैनात था। गुरूवार की सुबह आठ बजे वो अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद देवबंद के रेलवे रोड पर स्थित अपने किराए के मकान पर पहुंचा। लेकिन यहां उसने संदिग्ध परिस्थतियों में चादर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसके साथी ने उसे कई बार फोन लगाया था लेकिन जब काफी देर तक फोन नहीं उठाया गया तो वो कुलदीप के आवास पर पहुंचा। उसने कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो देखा कि कुलदीप सिंह फांसी पर लटका हुआ था। वहीं पुलिस ने कमरे में जांच पड़ताल की लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने कुछ भी टिप्पणी करने से किया इंकार
वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से पूरी तर दूरी बना रखी है और कुछ भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है। वहीं सूत्रों के मुताबिक मृतक दरोगा ने मौत से पहले अधिकारियों का एक ऑडियो वायरल किया था इस ऑडियो में प्रशिक्षु दरोगा उत्पीड़न का शिकार हो रहा था।


Post A Comment: